
मणिपुर में जातीय संघर्ष के मानवीय प्रभावों और आम लोगों की पीड़ा को दर्शाने वाली मणिपुरी फीचर फिल्म ‘एनूंग नगल्लमदई’ (Enoong Ngallamdai – Fireflies in the Dark) का चयन कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (KIFF) 2026 के आधिकारिक कार्यक्रम के लिए किया गया है।
योगेश लोहान के निर्देशन में बनी 85 मिनट की यह फिल्म वर्ष 2023 में मणिपुर में भड़की हिंसा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में तीन आपस में जुड़ी कहानियों के माध्यम से संघर्ष के बीच लोगों के अस्तित्व की लड़ाई, विस्थापन और विपरीत परिस्थितियों में उनके अदम्य साहस को दर्शाया गया है।
फिल्म की कहानी एक ऐसी गर्भवती महिला की है, जो गोलियों की आवाज के बीच बच्चे को जन्म देने के लिए संघर्ष कर रही है। दूसरी कहानी एक छोटे लड़के की है, जो अपनी मां की तलाश में भटक रहा है और इस दौरान एक बिछड़े हुए बछड़े का साथ उसे मिलता है। वहीं, तीसरी कहानी एक कैफे संचालिका की है, जो हिंसा से बचकर भाग रहे लोगों को शरण देने के लिए अपनी जान जोखिम में डालती है।
चिंगसंगलकपा और योगेश लोहान द्वारा लिखित इस फिल्म में गैर-रेखीय कथानक शैली (नॉन-लीनियर नैरेटिव) अपनाई गई है, जिसके माध्यम से संघर्ष में फंसे आम लोगों के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया है। पटकथा तैयार करने से पहले लोहान मणिपुर गए थे और वहां हिंसा से प्रभावित लोगों तथा जीवित बचे लोगों से मुलाकात की थी। उनके अनुभवों को फिल्म की कहानी का आधार बनाया गया है।

निर्देशक योगेश लोहान ने कहा, “मणिपुर का संघर्ष केवल हिंसा और विस्थापन तक सीमित नहीं है। इसके पीछे आम लोगों की जिंदगी, उनके डर, उनकी गरिमा और हर हाल में जीवित रहने की उनकी जिजीविषा भी है। मैं ऐसी कहानी कहना चाहता था, जो सुर्खियों से आगे जाकर इस संघर्ष से जुड़े मानवीय अनुभवों को सामने लाए।”
जानी विश्वनाथ द्वारा निर्मित इस फिल्म की शूटिंग मणिपुर के वास्तविक स्थानों पर स्थानीय समुदायों के सहयोग से की गई है। फिल्म का उद्देश्य हिंसा को सनसनीखेज रूप में प्रस्तुत किए बिना संघर्ष के मानवीय प्रभावों को संवेदनशीलता के साथ दर्शाना है।
निर्माता जानी विश्वनाथ ने कहा, “मणिपुर में इस फिल्म का निर्माण हमारे लिए रचनात्मक होने के साथ-साथ एक गहरा मानवीय अनुभव भी रहा। इस दौरान जिन लोगों से हम मिले, उनकी कहानियां और विपरीत परिस्थितियों में उनका साहस पूरी प्रक्रिया के दौरान हमारे साथ रहा। हम इस विषय को पूरी संवेदनशीलता और सम्मान के साथ प्रस्तुत करना चाहते थे। फिल्म का मूल उद्देश्य यह दर्शाना है कि संघर्ष और अराजकता कितनी निरर्थक होती है और दुनिया के किसी भी हिस्से में इसका सबसे गहरा प्रभाव निर्दोष लोगों के जीवन पर पड़ता है। KIFF में फिल्म का चयन उत्साहजनक है और इससे फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का एक और अवसर मिलेगा।”
फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 6 अक्टूबर, 2026 को 2026 वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ था, जहां इसे ‘पैनोरमा सिनेमाज ऑफ एशिया’ खंड में प्रदर्शित किया गया था। KIFF के लिए चयन के साथ ही इस मणिपुरी फिल्म को एक और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मिला है।
फिल्म में बाला हिजाम निंगथौजाम, लीशांगथेम टोंथोइंगंबी देवी, अंगोम पमदंबा सिंह, अहैबम चिरंजीत, लुवांग युमलेम्बम और रतन लाई प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कई ऐसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं, जिन्होंने पहली बार अभिनय किया है। इनमें दूरदराज के गांवों और राहत शिविरों में रहने वाले लोग भी शामिल हैं।
फिल्म का छायांकन रवि रंजन शर्मा ने किया है, जबकि मीना लोंगजाम ने क्रिएटिव डायरेक्टर की भूमिका निभाई है। अमृत प्रीतम और देबजीत चांगमाई ने साउंड डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है। फिल्म का संगीत डैनियल बी. जॉर्ज ने तैयार किया है और संपादन टिन्नी मित्रा ने किया है। रजनी बासुमतारी कार्यकारी निर्माता तथा हेमम रिकी क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।
उल्लेखनीय है कि इस फिल्म को वेव्स फिल्म बाजार 2025 के व्यूइंग रूम कैटलॉग में भी शामिल किया गया था, जहां इसे मणिपुरी भाषा की फिक्शन फीचर फिल्म के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।







Add comment